शनिवार, 21 अप्रैल 2012

दादागीरी


सपा विधायक ने दिखाई दादागीरी तो दर्ज हो गई एफआईआर

 
Source: भास्कर न्यूज   |   Last Updated 09:31(20/04/12)
 
 
 
 
विज्ञापन
लखनऊ। उप्र में बदायूं जिले की सदर सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक आबिद रजा खान सत्ता की धमक से दूसरे की जमीन हड़पने में लग गए हैं। उनके खिलाफ मारपीट करने, संपत्ति एक रिश्तेदार के नाम करने के लिए दबाव बनाने व धमकाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है। विधायक के खिलाफ दस आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इनमें हत्या की कोशिश के तीन मामले हैं। विपक्षी भाजपा ने सपा की निंदा की है।

विधायक की प्रताडऩा के शिकार हुए महेश प्रकाश ने सपा एमएलए के खिलाफ दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार की शाम विधायक ने अपने दफ्तर बुलाकर अपनी जमीन उनके एक समर्थक के नाम करने को कहा। महेश के मना करने पर विधायक के साथियों मनोज, राजेन्द्र तथा रिजवान ने उसे बहुत पीटा। महेश बरेली के बहेड़ी का रहने वाला है।

विधायक की नजर उसकी दो एकड़ जमीन पर है, जिसे वह अपने एक रिश्तेदार के नाम दर्ज करने के लिए काफी दिन से दबाव डाल रहा है। महेश ने एसपी रतन कुमार श्रीवास्तव से विधायक की शिकायत की। एसपी ने घटना की जांच तथा दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। मेडिकल परीक्षण में महेश को पीटे जाने की पुष्टि हुई है। आरोपी विधायक और उनके समर्थकों का दावा है कि यह मामला उनकी छवि को खराब करने की कोशिश है।

सपा की सरकार बनने के बाद से पार्टी को अपने समर्थकों व विधायकों पर काबू पाने में मुश्किल हो रहा है। पार्टी ने इसके लिए अपील भी जारी की है। 10 मार्च को इटावा में सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद के घर धावा बोला था। उसी दिन मुरादाबाद में सपा विधायक के समर्थकों ने दरोगा से मारपीट की।

अगले दिन 11 मार्च को बिसौली से विधायक की कार से सिपाही कुचला गया। 16 मार्च को राजधानी लखनऊ के कैसरबागमें सत्ताधारी दल के विधायक के गुर्गों ने सिपाही को दौड़ाकर पीटा। 2 अप्रैल को मेजा में थाने के भीतर पुलिस व सपा समर्थकों में मारपीट हुई।

4 अप्रैल को राजधानी लखनऊ में सपा विधायक को हजरतगंज इलाके में नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने से रोका तो उन्होंने पुलिस के साथ बदसलूकी की। दो दिन पूर्व 17 अप्रैल बरेली में सपा जिलाध्यक्ष के दामाद ने पुलिस पर अंधाधुंध फायर झोंककर कानून व्यवस्था को चुनौती दी।

सपा विधायक द्वारा देवरिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर घुड़सवारी की घटना को जनता भूली नहीं है। भाजपा ने सपा अध्यक्ष से प्रदेश में अराजक और बेकाबू हो रहे सपाईयों पर लगाम लगाने की मांग की है।

प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह समाजवादी पार्टी के माननीय और कार्यकर्ता कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनकर खड़े हो रहे हैं, वह चिंता का विषय है। पाठक ने बंदायू में सपा विधायक आबिद रजा की महेश प्रकाश की पिटाई करने के मामले में कहा कि यह गलत है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के संसदीय क्षेत्र कन्नौज में पकड़ की घटनाएं बढ़ी हैं। भाजपा के लोग लगातार यह प्रकरण मुख्यमंत्री के संज्ञान में ला रहे हैं। बदायूं में उनके छोटे भाई धर्मेन्द्र सांसद हैं। वहां के विधायक द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम देना सरकार के कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होने के दावे को चुनौती देना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें